विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)। क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए समाजसेवी अमरेश तिवारी ने रविवार को चेतवा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्कूल एवं पिंडारी के लाल बहादुर शास्त्री पब्लिक स्कूल में

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यालयों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को स्कूल बैग एवं पानी की बोतल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा। मंच से जैसे ही मेधावी छात्रों के

नामों की घोषणा हुई, पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके भीतर आगे और बेहतर करने का आत्मविश्वास साफ झलकने लगा। समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी अमरेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो न केवल व्यक्ति के जीवन को संवारती है बल्कि समाज और देश के विकास की नींव भी रखती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जो छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें सम्मानित करने के साथ-साथ उनकी उच्च शिक्षा के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहें। वहीं, शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एक शिक्षक ही बच्चों के भविष्य का सच्चा मार्गदर्शक होता है। लाल बहादुर शास्त्री पब्लिक स्कूल के प्रबंधक श्रवण कुमार ने इस पहल के लिए अमरेश तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल छात्रों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि उनमें प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा ।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal