क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर जनआक्रोश, सौंपा ज्ञापन

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) एनटीपीसी रिहन्द क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। मंगलवार को समृद्धि जन कल्याण ट्रस्ट के बैनर तले स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एजीएम (एचआर) राजेश गोईपोइ को

ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एनटीपीसी की मौजूदा विद्युत व्यवस्था को हटाकर जबरन यूपीपीसीएल को लागू करने के प्रस्ताव का जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। आरोप लगाया कि इतना बड़ा और जनहित से जुड़ा फैसला बिना स्थानीय जनता को विश्वास में लिए लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि वे वर्षों से एनटीपीसी द्वारा संचालित बिजली व्यवस्था से संतुष्ट हैं और किसी भी तरह का थोपे गए बदलाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान CSR से जुड़े स्थानीय मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। इस पर एजीएम (एचआर) राजेश गोईपोइ ने आश्वासन दिया कि शांतिनगर रोड मार्केट में सब्जी मंडी के लिए शेड, पेयजल सुविधा और पुनर्वास क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के लिए संबंधित ग्राम प्रधान द्वारा लिखित प्रस्ताव देना आवश्यक होगा। हालांकि, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एनटीपीसी प्रबंधन ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया, तो क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। इस दौरान सिद्धार्थ गुप्ता, जावेद, गोपाल गुप्ता, सुदर्शन पाल, काशी गुप्ता, विश्राम सागर, रूपेश कुमार, भागीरथी मौजूद रहे।

Translate »