बीजपुर (सोनभद्र)। विकास के दावों के बीच सोनभद्र के ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़कें और जर्जर पुलिया अब लोगों की जान की दुश्मन बनने लगी हैं। ताजा मामला बीजपुर-बकरिहवा मुख्य मार्ग का है जहाँ अंजानी गांव के पास एक पुलिया बुरी तरह धंस चुकी है। यह स्थान अब किसी बड़े हादसे के लिए मौत का जाल बन चुका है

लेकिन विभागीय ध्यान नहीं है। बीते दिनों ग्रामीणों ने इस धंसी हुई पुलिया को लेकर लोक निर्माण विभाग से शिकायत की थी। उम्मीद थी कि विभाग इसका स्थायी समाधान करेगा लेकिन इंजीनियरों ने पुलिया के गड्ढों के चारों ओर मिट्टी से भरे बोरे रखवाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ये बोरे सुरक्षा देने के बजाय भ्रम पैदा कर रहे हैं जो खासकर रात के अंधेरे में जानलेवा साबित हो रहे हैं। प्रशासनिक अनदेखी का खामियाजा गुरुवार की रात एक बाइक सवार को भुगतना पड़ा। अंधेरा होने के कारण चालक को धंसी हुई पुलिया का अंदाजा नहीं लगा और वह सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो यहाँ किसी की जान भी जा सकती है। पुलिया की बदहाली और विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी सोनभद्र का ध्यान इस ओर आकृष्ट करा कर मांग की है कि पुलिया का पुनर्निर्माण या ठोस मरम्मत तत्काल शुरू की जाए। जब तक काम शुरू न हो, वहाँ रेडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो। ग्रामीणो ने कहा है कि यह मार्ग बीजपुर को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। यहाँ से भारी वाहनों और स्कूली बच्चों का गुजरना लगा रहता है किसी बड़ी दुर्घटना से पहले पुलिया को दुरुस्त कराया जाए अन्यथा बड़ी घटना से इनकार नही किया जा सकता है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal