एबीपीएस रेणुसागर में वार्षिक कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी

चार सौ छात्र – छात्राओं ने प्रदर्शनी में दिखाई प्रतिभा

अमरेश चन्द्र मिश्रा

शक्तिनगर-सोनभद्र। आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, रेणुसागर में वार्षिक कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शनी के दौरान भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान तथा कला एवं हस्तशिल्प विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि के

रूप में रेणुसागर के यूनिट हेड व विद्यालय के अध्यक्ष आरपी सिंह ने फीता काट कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दिशिता महिला मंडल रेणुसागर की अध्यक्षा इंदु सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या बिद्या चैटर्जी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त

करते हुए स्वागत किया, तत्पश्चात अतिथियों एवं अभिभावकों ने भौतिक विभाग, रसायन विभाग और जीव विज्ञान विभाग द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रदर्शनी तथा कला एवं हस्तशिल्प विभाग द्वारा प्रस्तुत कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके अंतर्गत सेंसर कार, दुर्घटनारोधी पर्वत, ट्रेन दुर्घटना रोधी संयंत्र, मोटर बोट, स्मार्ट टिफिन, ग्रेविटी लालटेन, गैस अलार्म, चंद्रयान 3 लैंडर, मलिन जल संशोधन संयंत्र, फव्वारा, जल शोधन यंत्र, जलवायु परिवर्तन, स्पीड डिटेक्टर, सोलर पावर प्लांट, लेजर

अलार्म इत्यादि मॉडल प्रस्तुत किए गए जिनका दर्शकों ने जिज्ञासापूर्वक अवलोकन किया। कला एवं हस्तशिल्प विभाग की ओर से विद्यालय के उद्यान में प्रदर्शित फोटो फ्रेम, ग्लास पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग, वर्ली पेंटिंग, गोंडवाना पेंटिंग, पट्टचित्र पेंटिंग, कचरा निर्मित कलाकृतियों तथा मिट्टी एवं सूखे पत्तों से निर्मित कलाकृतियों ने दर्शकों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा इस प्रदर्शनी में भारतीय लोक चित्रकला, बार्क वर्क, मार्ल पेंटिंग, पीवीसी पॉट, कोस्टर इत्यादि दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर रेणुसागर एचआर हेड व विद्यालय प्रबंधक शैलेश विक्रम सिंह, संजय कुमार सिंह , गुलशन तिवारी, आरसी पाण्डेय, प्रणव सोनी, अनिल झा सहित भारी संख्या में आगन्तुकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

Translate »