संचारी रोग नियंत्रण अभियान में हर घर का हो योगदान तभी पूरा होगा अनुष्ठान-डा. नीलकंठ तिवारी

वाराणसी से पुरुषोत्तम तिवारी


 
जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में भी निकाली रैली

पूरे माह चलेगा जागरूकता का कार्यक्रम

सात अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान वाराणसी। जनपद में शनिवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ। जिला महिला चिकित्सालय, कबीरचौरा में आयोजित समारोह में पूर्व मंत्री व शहर दक्षिणी के विधायक डा. नीलकण्ठ तिवारी ने लोगों को संचारी रोग नियंत्रण के प्रति जागरूक होने के आह्वान के साथ ही रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पूरे जिले के समस्त सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य केन्द्रो में कार्यक्रमों का आयोजन कर जागरुकता रैलियां निकाली गयीं। जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित समारोह में विचार व्यक्त करते हुए डा. नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान महज एक अभियान नहीं बल्कि ऐसा अनुष्ठान भी है जो प्रदेश सरकार की ओर से लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए किया जा रहा है। अभियान को कारगर बनाने के लिये हर घर की सहभागिता जरुरी है। इसके लिये हमें साफ-सफाई के प्रति जागरूक होने की और जरूरत है। साफ-सफाई के प्रति हमारी थोड़ी सी जागरुकता सिर्फ हमें ही नहीं परिवार व समाज को भी गंभीर बीमारियों से बचा सकती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संदीप चौधरी ने बताया कि संचारी रोग सिर्फ लापरवाही से होता है। गंदे पानी का सेवन, घर के आसपास जल-जमाव जैसी छोटी-छोटी बातों के प्रति यदि हम सजग हो जाए तो बड़े खतरे से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी सतर्क रहे। घर के आस-पास गंदे जल का जमाव न होने दे और लोगो को भी इसके प्रति जागरूक करें। संचारी रोग से यदि कोई बीमार होता है तो उसका तत्काल उपचार शुरू कराए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों के खिलाफ अभियान में एक साथ कई  विभागों का सड़क पर उतरना ही अपने आप में महत्वपूर्ण है। सम्बंधित विभागो के लोग घर-घर जायेगे। लोगो को इसके खतरे से अवगत कराने के साथ ही बचाव के लिये भी जागरूक करेंगे। इससे सफलता जरूर मिलेगी। 

  समारोह में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल अधिकारी )  डा० एस एस कन्नौजिया ने कहा कि अभियान में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान 31 अक्टूबर  तक चलेगा। इस दौरान वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय ने कहा कि सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होने बताया कि सात अक्टूबर से दस्तक अभियान भी शुरू होगा, जिसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। समारोह में जिला महिला चिकित्सालय के एसआईसी एके श्रीवास्तव, आईएमए सचिव डा. आरएन सिंह, यूनिसेफ के डा. शाहिद, मलेरिया इन्स्पेक्टर चन्द्रशेन व अजय शुक्ला, बयोलाजिस्ट अमित सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे
समारोह का संचालन डीएचईआईओ हरिवंश यादव ने किया।
ग्रामीण क्षेत्र में भी निकाली रैली
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के शुरुआत के अवसर पर पर ग्रामीण क्षेत्रो में भी पर रैली निकाल कर लोगो को जागरूक किया गया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरिश्चन्द मौर्या के तत्वाधान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह के सहयोग से पिंडरा हॉस्पिटल के प्रांगण से गेट तक संचारी रोगों से वचाव को लेकर रैली निकाल कर नागरिको को जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ एचसी मौर्या ने कहा कि यह बीमारी मच्छर मक्खी और छुआछुत  से फैलती है इसलिये आप अपने आस पास पानी जमा हो तो उसने मोबिल, तेल डाल दे जिससे मक्खी मच्छर पैदा ना हो और हम जानलेवा बीमारी से बचे रहे इस अवसर पर जन निगरानी समिति के संजय राजभर सहित  डॉ अमित तिवारी एचईओ गुलसन कुमार, एएनएम शशिकला, आशा संगिनी कावेरी सुनीता सोनकर अन्य कुमार, फार्मासिस्ट विनय दुबे आशा किरण शर्मा, प्रमीला देवी, सविता, सरिता पटेल संजू सहित अन्य लोगो ने भागीदारी की।

Translate »