एबीआईसी रेणुकूट में धूमधाम से मनाया गया महिला समानता दिवस

आदित्य सोनी

रेणुकूट (सोनभद्र)। आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में शुक्रवार को महिला समानता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिण्डाल्को स्कूल्स की प्रबंधक वनिता वनिता वासनिक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में हिण्डालको की नगर प्रशासक मेजर सीमा चहल शुक्ला एवं पब्लिसिटी व एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के यशवंत कुमार एवं प्रशान्त श्रीवास्तव मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रधानाचार्य दयानन्द शुक्ल ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के अध्यापकों द्वारा स्वागत

गीत प्रस्तुत कर की गई। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। विद्यालय के सत्येन्द्र सिंह, विवेक पाण्डेय, विवेक कुमार शुक्ला एवं जय प्रकाश यादव ने इस कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियों से चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन जलज मालवीय ने बड़े ही रोमांचक ढ़ंग से किया। विद्यालय कार्यालय के श्याम नारायण चौबे ने महिला समानता दिवस के उपलक्ष्य में गीत प्रस्तुत करके सबका मन मोह लिया। प्रधानाचार्य एवं विद्यालय प्रबन्धक द्वारा महिला शिक्षकों एवं महिला

कर्मचारियों को उपहार देकर उनका सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पहली बार आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज रेणुकूट में इस कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यालय के गौरव को बढ़ाया है। इस अवसर पर सुश्री वनिता वासनिक ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि आज भारत देश एवं समूचे विश्व में महिलाएं बड़ी-बड़ी भूमिकाओं को निभा रही हैं। उन्होंने इस बाबत स्वयं द्वारा हिण्डाल्को स्कूल्स मैनेजर की बड़ी जिम्मेदारी संभालने एवं हिण्डाल्को की नगर प्रशासक मेजर (से.नि.) सीमा चहल का भी उदाहरण दिया जो हिण्डाल्को के इतिहास में पहली बार बतौर महिला इतनी बड़ी जिम्मेदारी निभा रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि मेजर सीमा ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के परेड का नेतृत्व कर हिण्डाल्को के इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है। सुश्री वनिता वासनिक ने इसके लिए हिण्डाल्को संस्थान के मुखिया एन. नागेश एवं मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह का आभार व्यक्त किया जिन्होंने हिण्डाल्को में कार्यरत महिलाओं को उच्च पदों की जिम्मेदारियां सौंप महिलाओं की समानता के विचार को जमीनी स्तर पर लागू किया है। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने धन्यवाद ज्ञापिन किया। तत्पश्चात् राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई।

Translate »