गांधी उद्यान में पूर्व की भांति पोल पर फहराया जाए तिरंगा!

-कलेक्ट्रेट स्थित गांधी उद्यान का 150 फीट ऊंचा लहराता तिरंगा बना था पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र

सोनभद्र(सर्वेश श्रीवास्तव)। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ जिला प्रशासन द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शहीद स्मारकों आदि के सुंदरीकरण करने निर्देश जारी किए गए हैं। जनपद में आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत तिरंगा यात्रा समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें शासन- प्रशासन के निर्देश पर जनमानस की सहभागिता भी रही। वही जिले के आला अधिकारी इस तथ्य को भूल गए कि कलेक्ट्रेट प्रांगण में स्थित गांधी उद्यान में 15 अगस्त 2018 को

तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा 150 फीट ऊंचे ध्वज का लोकार्पण किया गया था और इसकी आधारशिला प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 7 जुलाई 2018 को कलेक्ट्रेट प्रांगण में समारोह पूर्वक रखी गयी थी। 150 फीट की ऊंचाई पर आन- बान- शान के साथ लहराता तिरंगा ध्वज देशवासियों पर मर मिटने का जज्बा जगाते हुए दूर से ही अपनी ओर पर्यटकों को आकृष्ट कर रहा था। वर्तमान समय में गांधी उद्यान में लगा 150 फीट के पोल पर तिरंगा ध्वज अब दिखाई नहीं देता जो चर्चा का विषय बना है। उपरोक्त के संदर्भ में विंध्य संस्कृति शोध समिति उत्तर प्रदेश के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी ने जिला अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग किया कि देश की आन- बान- शान राष्ट्रीय तिरंगा ध्वज को गांधी उद्यान में लगे 150 फीट के पोल पर पुनः लगवा कर आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को यादगार बनाया जाए।

Translate »