सोनांचल में ‘मेरी प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी’ अभियान को लगा पंख।

डीएम ने गांवों में एकत्रित 4,900 किलो प्लास्टिक निस्तारण हेतु अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री को सौंपा।

सोनभद्र(सर्वेश श्रीवास्तव)। जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे जन आंदोलन ‘मेरा प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी’ के अंतर्गत जिले के सभी घरों पर बोरी टांगने के लक्ष्य को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों के आह्वान पर जनपद के लगभग 3 लाख घरों पर बोरिया लगाई गई। इस दौरान 1,96,748 बोरी से कुल 4,900 किलो प्लास्टिक इकट्ठा किया गया। इस इकट्ठे किए गए प्लास्टिक को निस्तारण के

लिए डाला अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री को दिया गया। बुधवार को कलेक्ट्रेट गेट के पास भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं नीति आयोग के नोडल अधिकारी संतोष कुमार यादव, डीएम चंद्र विजय सिंह, एसपी डॉ यशवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार ने हरी झंडी दिखा कर प्लास्टिक से लदे वाहनों को स्वयं जिलाधिकारी ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के लिए रवाना किया। वही नोडल अधिकारी संतोष यादव ने कहा कि यह अभियान अपने आप में एक नवीन अभियान है। इससे पर्यावरण को नुकसान होने से हम सभी बचा लेंगे। डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों द्वारा प्लास्टिक इकट्ठा कर उसको निस्तारण के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री को उपलब्ध कराया गया। बताते चलें कि इस अभियान को गति प्रदान करने हेतु विकास खंड बभनी से 235 किलो, चतरा से 417 किलो, चोपन से 235 किलो, दुद्धी से 325 किलो, घोरावल से 840 किलो, करमा से 830 किलो, कोन से 222 किलो, म्योरपुर से 866 किलो, नगवा से 408 किलो एवं विकास खंड राबर्ट्सगंज से 522 किलो प्लास्टिक सफाई कर्मियों एवं गांव के लोगों द्वारा इकट्ठा किया गया। सरकार द्वारा एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन किया गया है। जनपद का यह कार्यक्रम एक नवीन प्रयास है और इस कार्यक्रम के तरीकों को भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा भी सराहा गया है। इतना ही नहीं भारत सरकार के पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के इस कार्यक्रम को अपने पेज पर स्थान दिया गया है।
इस मौके पर मुख्य रूप से जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह , सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश सिंह, डीपीसी अनिल केसरी उपस्थित रहे।

Translate »