सोनभद्र(सर्वेश श्रीवास्तव)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सहिजन खुर्द ग्राम में ग्राम प्रधान रश्मि सिंह एवं सोनू कोल के यहां पहुंचकर आम जन मानस की समस्याओं के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा उसके शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियोें को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम समूह पेयजल योजना बेलाही का औचक निरीक्षण भी किया। कैबिनेट मंत्री ने अपर जिलाधिकारी (नमांमि गंगे) से कार्य पूर्ण होने के सम्बन्ध में जानकारी ली, तो

उनके द्वारा बताया गया कि नवम्बर, 2022 तक परियोजना के निर्माणों कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। अपर जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए जल शक्ति मंत्री ने कहा कि निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत ग्राम समूह पेयजल योजना का कार्य पूर्ण कर लिया जाये और पेयजल योजना के माध्यम से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दिया जाये।
जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम समूह पेयजल योजना बेलाही के माध्यम से लगभग 233 गांवों में 1 लाख 60 हजार आबादी को ‘‘हर घर को नल से जल‘‘ की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का सपना है कि 2024 तक हर घर को नल से जल की सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने उपस्थित ग्राम समूह की महिलाओं से वार्ता करते हुए कहा कि वह समूह के माध्यम रोजगार कर खुद को आत्मनिर्भर बनाते हुए परिवार को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। इस दौरान महिलाओं के रहन-सहन के बारे में जानकारी की और केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोन पम्प कैनाल के कार्य की गुणवत्ता को देखा, गुणवत्ता संतोषजनक न होने पर उन्होंने उक्त निर्माण कार्य की गुणवत्ता के जाॅच हेतु टीम गठित करने के लिए जिलाधिकारी से कहा कि यदि गुणवत्ता ठीक न पायी जाये, तो सम्बन्धित अधिकारी व ठेकेदार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही की जाये। कैबिनेट मंत्री ने बेलाही परिसर में पौध रोपण भी किया और लोगों से पौध रोपित करने के लिए कहा। इस मौके पर राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव गोंड़, सांसद पकौड़ी लाल कोल, राज्यसभा सांसद रामसकल , सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डाॅ अनिल कुमार मौर्या, दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड़, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहें।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal