मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच उप मुख्यमंत्री भी साक्षी बनेंगे

लखनऊ… मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच उप मुख्यमंत्री भी साक्षी बनेंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से मंगलवार को अतिथियों को फोन कर आमंत्रित करने का सिलसिला शुरू हुआ। प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने जहां विपक्षी दलों के नेताओं से फोन पर संपर्क कर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया। वहीं प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने केंद्र सरकार के मंत्रियों और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को आमंत्रित किया। प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई ने प्रदेश के सभी प्रमुख उद्यमियों के साथ औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया। लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी और विधायकों को पीयूष मिश्रा ने फोन कर आमंत्रित किया। वहीं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ अन्य सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को शासन की ओर से आमंत्रित किया जा रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव, विभिन्न मठों और मंदिरों के महंत भी आकर नई सरकार को अपना आशीर्वाद देंगे। उन्होंने बताया कि यूपी में उद्योग स्थापित करने वाले और उद्योग संचालित करने वाले सभी प्रमुख उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, मणिपुर और गोवा के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बिहार, नागालैंड, मेघालय और पुंडुचेरी में भाजपा के समर्थन से चल रही सरकारों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण दिया है। भाजपामय होगा लखनऊ भाजपा के लखनऊ प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजधानी को पूरी तरह भाजपा के रंग में रंगा जाएगा। लखनऊ के 130 चौराहों पर सजावट और प्रमुख मार्र्गों पर लाइटिंग की जा रही है। वहीं अमौसी एयरपोर्ट से इकाना स्टेडियम और इकाना स्टेडियम से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक मार्ग पर पार्टी के झंडे, बैनर, फूल मालाओं के सजाया जाएगा और लाइटिंग की जाएगी। मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित अवध क्षेत्र के भाजपा विधायकों की बैठक में विधायकों को शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई। ढाई हजार प्रवासी कार्यकर्ता भी आएंगे भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए दूसरे प्रदेशों से आए ढाई हजार प्रवासी कार्यकर्ताओं को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। प्रवासी कार्यकर्ताओं के आने-जाने के साथ उनके आवास की व्यवस्था भी की जाएगी।

Translate »