जलती होलिका में कूदा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घोरावल-सोनभद्र(रमेश कुशवाहा/ मनोज मौर्या)- कोतवाली क्षेत्र के गांव बसही में नशे ने एक व्यक्ति की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात एक व्यक्ति जलती होलिका में कूद गया लोगों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जली हालत में सोनभद्र से बनारस ले जाते समय उसकी मौत हो गई। होलिका में आग लगने के बाद कुछ लोग वीडियो भी बना रहे थे। इससे पूरी घटना कैद हो गई है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। घोरावल पुलिस के अनुसार बसही गांव के 50 वर्षीय काशी नाथ कोल गुरुवार की रात दारू के नशे में जलती होलिका के पास घूम रहा था। अचानक वह कुछ दूर गया और वहां रखे पुआल को सिर पर बांधकर तेजी से होलिका की तरफ गया और उसमें कूद गया। ज़ब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते काशी नाथ कोल छटपटाते हुए होलिका से बाहर निकला। गांव वालों ने 108 नंबर पर काल करके एंबुलेंस बुलाई और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल लाया गया। यहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर किया गया। अत्यधिक जलने के कारण उसे बनारस रेफऱ कर दिया गया। बनारस ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

Translate »