
बीजपुर(सोनभद्र) डीएवी स्कूल,एन टी पी सी,रिहंदनगर में आज 26 नवंबर को बड़े ही उत्साह एवं उल्लास के साथ संविधान दिवस मनाया गया। दरअसल यही वह दिन है जब देश की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को विधिवत रूप से अपनाया था।यह संविधान हीं है जो हमें एक आजाद देश का आजाद नागरिक की भावना का एहसास कराता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार ने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए संविधान निर्माण में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री राजकुमार ने छात्रों को बताया कि हमारे देश के संविधान सभा में 299 सदस्य थे। इस संविधान के निर्माण में दो वर्ष ग्यारह महीना अठारह दिन लगा था। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को पारित किया था। इसलिए हम 26 नंवबर को संविधान दिवस मनाते हैं। विद्यालय के खेल शिक्षक मनोज पाण्डेय ने छात्र- छात्राओं एवं सभी शिक्षकों
को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र प्रसाद के विशेष योगदान की भी चर्चा की। उन्होंने संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की भी चर्चा की। कक्षा ग्यारह की छात्रा रानू के नेतृत्व में सभी छात्र-छात्राओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ का उदघोष किया। देश भक्ति से परिपूर्ण इस नारे से पूरा वातावरण गूंजायमान हो गया।इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal