सर्व कल्याण के हितार्थ हुआ गौ माता का पूजन

चोपन-सोनभद्र(सत्यदेव पांडेय)- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित बृहद गौशाला ग्राम सभा चोपन में नवरात्रि के नवमी तिथि पर 108 गौ माता का पूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत वार्ड नं 01 की सभासद सुमनलता देवी रही विशिष्ट अतिथि अपना दल एस के जिला महासचिव श्यामाचरण गिरी रहे। वही मुख्य वक्ता के रूप में कथावाचक पंडित शितलेश शरण मिश्र ने गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि गौमाता ही हमारी राष्ट्रमाता है। गौमाता की किसी धर्म संप्रदाय की नहीं गौ माता संपूर्ण सृष्टि की पालन करने वाली है। गौ माता का दूध, दही, घी के साथ-साथ गोमूत्र और गोबर का भी हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है बीते कालखंड में व्यक्ति के समृद्धि का आकलन गोवंश की संख्या से ही लगाया जाता था। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा करने से हमें वही पुण्य प्राप्त होता है जो तीर्थों में जाने से जो संगम स्नान से प्राप्त होता है। जीवन के अंतिम क्षणों में लोग गौ माता का पूंछ पकड़कर वैतरणी पार करने करने की कामना करते हैं लेकिन जीते जी अगर गौ माता का सेवा कर लिया जाए तो पूछ पकड़ने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी इसलिए हम सभी मानव जाति को गोवंश के पालन संरक्षण और संवर्धन के लिए सदैव प्रयत्न करते रहना चाहिए। इस धरा धाम पर जब जब असुरों का अत्याचार एवं मानव सभ्यता पर कुठाराघात हुआ है तब तक गौ माता अगली पंक्ति में देवताओं के संग दिखाई देंती हैं। इतना ही नहीं सनातन संस्कृति में गोमूत्र एवं गोबर से गौरी गणेश का आवाहन किया जाता है एवं समस्त मांगलिक कार्यों में प्रथम शुरुआत गौ माता के गोबर से निर्मित गौरी की प्राण प्रतिष्ठा पूजन अर्चन से ही प्रारंभ होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान दुर्गेश यादव ने किया। इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी विकास चौधरी,पशुधन प्रसार अधिकारी सुभाष चंद्र, मीडिया फोरम आफ इंडिया के जिला अध्यक्ष राजेश गोस्वामी, संजय चेतन, सद्दाम कुरैशी, अरविंद दुबे, विनीत शर्मा, अमलेश सोनकर, राहुल शर्मा, दयाशंकर साहनी, विजय साहनी ,नागेंद्र ,मोम बहादुर एवं सैकड़ों की संख्या में ग्राम वासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गौशाला के प्रभारी पंचूराम ने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया।

Translate »