‘चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो’ महिला शक्ति पर महुद्दीनपुर में कैम्प लगाकर कोन पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक

कोन~सोनभद्र(नवीन चंद)- प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं लड़कियों पर हो रहे अत्याचार को लेकर गांव- गांव पुलिस द्वारा कैम्प लगाकर महिलाओं को ‘चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलो’ मिशन के तहत जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को महुद्दीनपुर गांव में महिला ग्राम प्रधान आरती देवी की अध्यक्षता में कैम्प लगाया गया जिसमें महिला बीट कांस्टेबल सुमन कुमारी ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं / बेटियों को स्वावलंबी और सुरक्षित

बनाने तथा उनके अधिकारों के सम्बंध में जागरुक करने व उनके साथ घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोकथाम करने एवं उनमें सुरक्षा/आत्मविश्वास की भावना जागृत करने के उद्देश्य से एक समग्र अभियान ‘‘मिशन शक्ति अभियान’’ का तृतीय चरण चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत महुद्दीनपुर में थाना निरीक्षक कोन रामनारायण पासी के आदेश द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत बालिकाओं व महिलाओं से संवाद किया गया तथा उन्हें विभिन्न सरकारी एवं टोल-फ्री नम्बरों जैसे 1090-वूमेन पॅावर लाइन, 181-महिला हेल्प लाइन, 108-एम्बुलेंस सेवा, 1076 -मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइऩ, 102-स्वास्थ्य सेवा आदि के सम्बंध में जानकारी देते हुए जागरुक किया गया।

इस दौरान उन्हें बताया कि थाने पर छात्राओं / बालिकाओं व महिलाओं की सुरक्षा हेतु एंटी रोमियो स्कवायड का गठन किया गया है जिसके अन्तर्गत टीम द्वारा मनचलों एवं शोहदों पर प्रभावी कार्रवाई की जाती है। साथ ही साथ उन्हें थानें पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क के सम्बंध में भी जानकारी दी गयी जहां कोई भी बालिका / महिला द्वारा बिना किसी संकोच या झिझक के अपनी समस्या बताते हुए उसका सम्यक निदान प्राप्त किया जा सकता है। महिलाओं की सुरक्षा हेतु विभिन्न कानूनी धाराओं एवं नियमों तथा लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण अधिनियम, घरेलू हिंसा एवं दहेज उत्पीड़न व महिलाओं के विरुद्ध घटित होने वाले अन्य अपराधों पर कार्रवाई के सम्बंध में जानकारी देते हुए जागरुक किया गया। इस दौरान वहां पर मौजूद महिलाओं व बालिकाओं से उनकी समस्याओं के विषय में भी जानकारी की गयी तथा किसी तरह की कोई समस्या होने पर तत्काल कोन पुलिस को अवगत कराने हेतु बताया गया, फोन करने वाली महिला व बालिका का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। साथ ही बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ योजना के बारे में जागरूक किया गया। इस मौके ग्राम प्रधान आरती देवी,महिला कांस्टेबल सुमन, चंचला देवी, शिला देवी, मन्तरिया देवी, संगीता देवी, भगवन्ति देवी, त्रिभुवन,श्याम लाल, राहुल कुमार, छोटू, सुशील कुमार आदि सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।

Translate »