उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिले 27 मार्च तक लॉक डाउन, सीएम योगी ने कहा, जनता भयभीत न हो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश को 27 मार्च तक लॉकडाउन घोषित कर दिया है। साथ इन सभी 75 जिलों में कर्फ्यू लगाने की भी नौबत भी आ सकती है। प्रदेश में एयर,बस,मेट्रो,रेल सब बंद रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से भयभीत न होने की अपील की है।

लखनऊ. जौनपुर के बाद अब शामली जिले के कैराना में दुबई से लौटे युवक में कोरोना वायरस पाजिटिव पाया गया। उत्तर प्रदेश में अभी तक कुल 34 कोरोना वायरस पाजिटिव हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश को 27 मार्च तक लॉकडाउन घोषित कर दिया है। साथ इन सभी जिलों में कर्फ्यू लगाने की भी नौबत भी आ सकती है। प्रदेश में एयर,बस,मेट्रो,रेल सब बंद रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से भयभीत न होने की अपील की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के 75 जिलों को 27 मार्च तक के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है। साथ ही जनता को यह आश्वासन दिया कि आवश्यक चीजों की बिल्कुल भी कमी नहीं होने दी जाएगी। अनावश्यक मास्क न लगाएं। दवा की दुकानें खुली रहेंगी। लॉकडाउन से जरूरी सुविधाएं बिल्कुल भी प्रभावित नहीं होंगी। मुख्यमंत्री योगी ने सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से अपील की है कि वे इस लॉकडाउन का समर्थन करें क्योंकि यही सुरक्षा का एकमात्र विकल्प है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस महामारी से बचने के लिए हर तरह की फेक न्यूज से सावधान रहें। किसी भी जानकारी के लिए मुख्यमंत्री हेलपलाइन नंबर से संपर्क कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात आठ बजे एक बार फिर से जनता को संबोधित करेंगे और हमें उनके नेतृत्व में इसी तरह इस महामारी से लड़ना है।

1487 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए :- उत्तर प्रदेश में आगरा, लखनऊ व नोएडा के आठ-आठ, गाजियाबाद के तीन और लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, वाराणसी, कानपुर, शामली, पीलीभीत और जौनपुर के एक-एक व्यक्तियों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। सोमवार को 49 संदिग्ध मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। उधर, अभी तक 1487 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनमें 1325 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 131 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 11 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

51 मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 वार्ड बनेंगे :- प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर गंभीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 51 मेडिकल कालेजों में कोविड 19 वार्ड बनाने का निर्देश दिया है। इनमें 11000 आइसोलेशन बेड तैयार होंगे। एसजीपीजीआई को हाई रिस्क जोन में बदला गया है। इसके साथ ही लखनऊ में भी तीन अस्पतालों को कोविड 19 वार्ड में तब्दील किया जा रहा है।

Translate »