लखनऊ: 16 अक्टूबर, 2019।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि विगत ढाई वर्षाें में राज्य की छवि में सकारात्मक बदलाव आया है, जिसे और भी अच्छा बनाया जा सकता है। इसके लिए व्यापक और समग्र प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की छवि को और बेहतर बनाने के लिए तीन महीने का विशेष अभियान संचालित किया जाए। व्यवस्था को खराब करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को इस अभियान के दौरान चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। प्रभावी और उद्देश्यपरक कार्रवाई से प्रशासन और पुलिस की छवि में और सुधार होगा।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत प्रशासनिक और पुलिस नोडल अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में पर्सेप्शन है कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में उच्च व शासन स्तर पर भ्रष्टाचार न्यूनतम हो गया है, लेकिन निचले और स्थानीय स्तर पर आमजन को लाभ नहीं मिला है। सामान्य जनमानस को सुशासन उपलब्ध कराना राज्य सरकार का दायित्व है। इस उद्देश्य से प्रत्येक जनपद में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गयी है। इन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जनपदों की नियमित समीक्षा की जाती है। राज्य सरकार द्वारा पहली बार पुलिस अधिकारियों को भी जनपदों में नोडल अधिकारी के रूप में भेजा जा रहा है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal