सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में कुल आवेदन पत्र 367,निस्तारित 33, लम्बित मामले 334

सोनभद्र।शासन की मंशा के अनुरूप जिले की तीनों तहसीलों में ‘‘ सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस ‘‘ का आयोजन अक्टूबर महीने के तीसरे मंगलवार को किया गया। सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में शासन के निर्देशानुसार सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा तत्परता के साथ जनता की समस्याओं को सुना गया, जिसमें मौके पर मामले को निस्तारित करने के साथ ही ग्राम पंचायत स्तरीय व क्षेत्रीय अधिकारियों व कर्मचारियों की अधिकाधिक टीम बनाकर तहसील दिवस के बाद मौके पर जाकर ज्यादा से ज्यादा मामले निस्तारित करने का लक्ष्य था।मुख्य सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस दुद्धी में जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी व मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सभी अधिकारियों का दायित्वबोध कराते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा किया जायेगा।

जिलाधिकारी राजलिंगम व एसपी प्रभाकर चौधरी , मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी व उप जिलाधिकारी दुद्धी सुशील कुमार यादव ने जनता के बीच जाकर खड़े होकर भी जनता की समस्याओं को सुना और सम्बन्धित अधिकारियों को निस्तारण के लिए सहेजा। जिलाधिकारी ने जमीन से जुड़े मामलों का निस्तारण मौके पर जाकर निस्तारित करने का आदेश राजस्व व पुलिस विभाग को दियें। जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को दायित्वबोध कराते हुए कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्षा डेली डायरी भरेंगें, जिसमें क्षेत्रीय भ्रमण के मूवमेन्ट का पूरा विवरण दर्ज होगा और क्षेत्र में जाकर स्थानीय नागरिकों से पुष्टि के रूप में वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता करानी होगी।

फिल्ड विजिट रजिस्टर की पुष्टि जहॉ आम नागरिकों से करायी जायेगी, वहीं नियमित रूप से फिल्ड विजिट भी करना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी दी जाय और निस्तारण के समय शिकायतकर्ता से वार्ता की पुष्टि भी की जाय। जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त हाथीनाला-दुद्धी मार्ग के मरम्मत के लिए राष्ट्रीय राज्य मार्ग के अधिशाषी अभियन्ता को तलब करने व जल्द से जल्द सड़क बनवाये जाने के निर्देश सम्बन्धितों को दियें। जिलाधिकारी ने जमीनी विवादों के मामलों को बड़े ही गंभीरता से लिया और सम्बन्घितों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दियें। मुख्य सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस दुद्धी में मौके पर 105 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिसमें 08 प्रकरण मौके तथा 06 अधिकारियों की टीमें बनाकर भेजी गयी, टीमों द्वारा स्थलीय निरीक्षण के आधार पर भी 06 प्रकरण निस्तारित किये गये। इस प्रकार से सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस दुद्धी में कुल 14 मामलों को निस्तारित किया गया। बाकी बचे 91 मामलों को समय-सीमा के अन्तर्गत मामलों को निस्तारित करने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस की व्यवस्था के तहत घोरावल तहसील में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन स्टाल लगाकर किया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी घोरावल प्रकाश चन्द्र व तहसीलदार घोरावल ने 163 फरियादियों के दुःख-दर्द को सुना और मौके पर 04 मामले निस्तारित किये। अधिकारियों द्वारा 04 टीमें बनाकर क्षेत्रों में निस्तारण के लिए भेजी गयी और भेजी गयी टीमों द्वारा 04 प्रकरण निस्तारित किये गये। इस प्रकार तहसील दिवस घोरावल मेंं कुल 08 प्रकरण निस्तारित किये गये, बाकी बचे 155 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिये। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह के अलावा उप जिलाधिकारी घोरावल प्रकाश चन्द्र, तहसीलदार घोरावल सुरेश चन्द्र सहित अन्य तहसील स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहें।

उप जिलाधिकारी सदर यमुनाधर चौहान ने सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस राबर्ट्सगंज की अध्यक्षता की। उन्हांने पुराने लम्बित प्रकरणों के निस्तारण की गुणवत्ता के बनाये रखने की ताकीद करते हुए मौजूद कार्मिको को लम्बित मामलों को निस्तारित करने की ताकीद की। एसडीएम सदर ने मौके पर मौजूद तहसील स्तरीय अधिकारियों का दायित्वबोध कराते हुए सम्बन्धित समस्याओं को मौके पर निस्तारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने मौके पर कुल 99 मामलों को सुनते हुए मौके पर 5 मामलों को निस्तारित किये। इसके बाद उन्होंने 06 टीमें बनाकर क्षेत्रों में जाकर जमीनी हकीकत के मुताबिक निस्तारण के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों के टीमों को भेजा। एसडीएम सदर द्वारा भेजी गयी टीमों द्वारा 06 मामलों का निस्तारण मौके पर जाकर किया गया, इस प्रकार तहसील दिवस के दिन राबर्ट्सगंज तहसील प्रशासन द्वारा कुल 11 मामले निस्तारित किये गये। बाकी बचे 88 मामलों को औपचारिकताओं को पूरा करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर यमुनाधर चौहान, तहसीलदार सदर विकास पाण्डेय सहित तहसील स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहें।

Translate »