बिरला कार्बन ने सुव्यवस्थित शौचालय का निर्माण कराकर मंगलवार को आम जनता एवं यात्रियों को किया समर्पित

आदित्य सोनी

रेणुकूट। मुर्धवा में आदित्य बिड़ला समूह की कार्बन निर्माता कंपनी बिड़ला कार्बन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड विश्व भर में जहां अपने उत्कृष्ट कार्बन को लेकर लोहा मनवा रहा है वही सामाजिक दायित्वों के प्रति भी गंभीरता से अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। इलाके में सर्वांगीण विकास और जागरूकता के कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। रेणुकूट इकाई प्रमुख जेपीएन सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जयंत सिंह के कुशल दिशा निर्देशन एवं सीएसआर प्रमुख उपेंद्र मिश्रा की देखरेख में आसपास के ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, चिकित्सा सहित सामाजिक सरोकारों पर जोर देते हुए ग्रामीणों के स्वावलंबन हेतु कई कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे अति महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत अभियान के तहत भी संस्थान इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी कर रहा है। इसी क्रम में खाड़पाथर गांव में सुव्यवस्थित शौचालय का निर्माण कराकर मंगलवार को आम जनता एवं यात्रियों को समर्पित किया। खाड़पाथर गांव के बीजपुर मोड़ से ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड के लिए रास्ता जाता है। तिराहे पर दिन भर सैकड़ों यात्रियों का आवाजाही लगा रहता है। वर्षों से यहां शौचालय नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। समस्या संज्ञान में आने के बाद इकाई प्रमुख एवं मानव संसाधन प्रमुख ने तत्काल शौचालय निर्माण की संस्तुति दी। जिसके बाद बिड़ला कार्बन के सीएसआर विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बीजपुर मोड़ तिराहे पर सुव्यवस्थित महिलाओं व पुरुषों के लिए दो शौचालय व पेशाब घर का निर्माण कराया। मंगलवार को मुर्धवा ग्रामसभा के बीडीसी अजय राय एवं सीएसआर हेड उपेंद्र मिश्र ने फीता काटकर नए शौचालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपेंद्र मिश्र ने कहा कि संस्थान सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजगता से अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। गांव में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से आसपास के लोगों सहित यात्रियों को परेशानी होती थी। सबसे ज्यादा मुसीबतों का सामना महिला यात्रियों को करना पड़ता था। जिसे देखते हुए महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग अलग शौचालय का निर्माण कराया गया है। जिसके साफ सफाई का व्यवस्था कंपनी द्वारा कराया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान गुड्डू यादव, टुनटुन सिंह, निवेदिता मुखर्जी एके चौधरी सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

Translate »