
भगवान श्री विश्वकर्मा का पूजन करते रिडक्शन प्लांट हेड डॉ. जदगपाल सिंह व अन्य
रेणुकूट। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी हिण्डाल्को में निर्माण एवं सृजन के देवता श्री विश्वकर्मा जी की श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंगलवार को भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति के समक्ष पंडाल का आयोजन किया गया जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे विधि- विधान से पूजा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
हिण्डाल्को फैक्ट्री के मेन गेट के समीप स्थित भगवान विश्वकर्मा की भव्य मूर्ति को रंग- बिरंगे फूलों से सजाया गया। तत्पश्चात् वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रिडक्शन प्लांट हेड डॉ जगपाल ने विधि- विधान से मुख्य पूजा सम्पन्न कराई। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी श्री राजीव झुनझुनवाला, श्री अजीत कुमार तिवारी, डॉ. भास्कर दत्ता सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने भगवान श्री विश्वकर्मा के श्री चरणों में पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर डॉ. जगपाल सिंह ने कंपनी की प्रगति एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की कामना की। पूजा सम्पन्न होने के उपरान्त सभी ने आरती करके प्रसाद ग्रहण किया। प्लांट गेट पर सम्पन्न हुई मुख्य पूजा के साथ- साथ विभिऩ्न प्लांटों में कर्मचारियों ने अपने- अपने कार्यस्थलों को साफ- सुथरा कर अपनी मशीनों को फूलों से सुसज्जित कर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया जिसमें संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया लिया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal