
आदित्य सोनी
रेणुकूट(सोनभद्र)। हिण्डाल्को में आयोजित अभिनन्दन कार्यक्रम में अगस्त माह में सेवानिवृत्त हुए 13 श्रमिकों को विदाई दी गई। कार्यक्रम का आयोजन कंपनी के मनोरंजनालय परिसर में किया गया। मुख्य अतिथि, सूचना एवं तकनीकि विभाग के प्रमुख, डी. मूर्ति ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवामुक्त श्रमिकों जगदीश नारायण तिवारी, राम नारायण, बलराम समल, भंवर सिंह, चोकी लाल सिंह, प्रेम सिंह शेखावत, भंवर सिंह, अभय सिंह, नागेंद्र पांडेय, सुभाष चंद्र मिश्रा, मुरली मनोहर मिश्रा, श्रीप्रकाश सिंह, रामध्यान सिंह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि, श्री मूर्ति ने कहा कि हिण्डाल्को ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं जिसमें आप सभी श्रमिकों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने सेवामुक्त श्रमिकों को उनके जीवन के अगले पड़ाव में कदम रखने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को उनकी सुरक्षा को लेकर भी सचेत किया, साथ ही स्वस्थ रहने के लिए खुद को व्यस्त रखने की भी सलाह दी। ईआर विभाग के विभागाध्यक्ष, अजीत तिवारी ने श्रमिकों की कर्मठता की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिण्डाल्को को मजबूत बनाने में सभी कर्मचारियों का अहम योगदान रहा है। कुछ सेवानिवृत्त श्रमिकों ने इस मौके पर अपने अनुभव भी साझा किए। इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारी एस के ब्रह्मचारी, कुमार अभिषेक आदि मौजूद रहे। साथ ही हिण्डाल्को के मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी मंगला प्रसाद दिवेदी, ज्ञानधर पांडेय, जितेन्द्र सिंह, लक्ष्मीकांत दिवेदी, एएन तिवारी व अखिलेश बहादुर सिंह ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की। कार्यक्रम के अंत में अजय जायसवाल ने सेवानिवृत्त श्रमिकों को उनके पीएफ व ग्रेच्युटी से जुड़ी जानकारी दीं व फॉर्म भरवाने में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन श्री आर पी सिंह ने किया जबकि संजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal