घोरावल/सोनभद्र (वीरेंद्र गुप्ता)कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर गत 24 घंटे के दौरान विषैले जंतुओं के काटने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अचेत हो गए। अचेत हुए लोगों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। बिहार राज्य के कैमूर जिला अंतर्गत सेमरडीहा गांव निवासी रामप्रवेश (35) को किसी विषैले जंतु ने गुरुवार को काट लिया। परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल से लेकर झाड़फूक तक का सहारा लिया लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। रामप्रवेश ने दम तोड़ दिया। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नेवारी गांव निवासी संकठा (52) को शुक्रवार की सुबह विषैले जंतु ने काट लिया। परिवार के लोग उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे तभी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार की तड़के शौच के लिए जाते समय किसी जहरीले जंतु ने काट लिया था। इसके अलावा विसुंधरी निवासी अनीता (26) को खेत में धान की रोपाई करते समय पैर में सर्प ने डंस लिया। कनेटी निवासी चंद्रमा (26) तथा चौखड़ा निवासी गुड्डी (25) भी खेत में काम करते समय सर्पदंश की शिकार हो गई। इन तीनों का खिरीहटा गांव निवासी देवधारी की कुटिया में उपचार चल रहा है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal