घोरावल/सोनभद्र(वीरेंद्र गुप्ता)भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद डी राजा समेत उनके साथ तमाम लोगों ने शनिवार को घोरावल के उभ्भा गांव में पीड़ितों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान टीम ने मृतकों के परिवार वालों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा सरकार से दिलाने की पहल करने का भरोसा दिलाया। कहा कि इसके लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद टीम वापस चली गई। राष्ट्रीय महासचिव के साथ राज्य सचिव डा. गिरीश, अरविद राज स्वरूप, पूर्व विधायक इम्तियाज अहमद, खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश महासचिव फूलचंद्र यादव, किसान सभा के संयुक्त सचिव सुभाष पटेल, राज्य कार्यकारिणी सदस्य हामिद अली, विजय सिंह व दिनेश सिंह के साथ कुल 25 लोगों की टीम उभ्भा गांव दोपहर तीन बजे पहुंची। हालांकि यह टीम सीधे घटनास्थल पर पहुंची।
भूमि का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद जामुन के पेड़ के नीचे जहां जमीनी विवाद को लेकर नरसंहार की घटना 17 जुलाई को घटित हुई थी। उस स्थान पर मिले दो-तीन ग्रामीणों से घटना की विधिवत जानकारी ली। डी राजा ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने के साथ ही अन्य सुविधाओं को मुहैया कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पीड़ितों के साथ है। उनकी हर लड़ाई संगठन लड़ने को तैयार है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal