सावन  पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा भक्तों का सैलाब, बाबा वैद्यनाथ धाम में रात से ही लगी कतार

रांची। सावन के पहले सोमवार को लेकर आज विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोले नाथ को जलाभिषेक करने के लिए सुबह से भक्त कतार में नजर आए। इधर, द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ के दरबार में बीती रात से ही कावरिए कतार में लगे नजर आए। यहां आज अनुमानित दो लाख से अधिक कांवरियों व श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए बाबा दरबार पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है।

बाबा नगरी केसरिया रंग में रंगी
रांची स्थित पहाड़ी बाबा मंदिर में भी सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजकीय श्रावणी मेला को लेकर बाबा नगरी केसरिया रंग में रंग गई है। हर तरफ केसरिया रंग ही नजर आ रहा हैं। जैसे-जैसे मेले का दिन चढ़ता गया, कांवरियों की भीड़ भी बढ़ती गई। सावन के पहले सोमवार को लेकर रविवार से ही कांवरियों का रैला बढ़ने लगा। पूरा कांवरिया पथ केसरिया रंग धारियों से गुलजार होने लगा हैै। बोल बम के मंत्र के साथ कांवरिये आगे बढ़ रहे हैं। रविवार को कांवरियों की कतार बीएड कालेज के पार हो गयी। सुबह पौने चार बजे से कांवरियेां का जलार्पण आरंभ कराया गया।

भीड़ कम हाेने के कारण चालू रहा शीघ्र दर्शनम
वहीं, रविवार को जलार्पण करनेवालों की भीड़ की संख्या को कम देखते हुए प्रशासन के द्वारा शीघ्र दर्शनम व्यवस्था को चालु रखा गया। दोपहर बाद मंदिर में कांवरियों को जलार्पण करने के लिए अधिक देर इंतजार नहीं करना पड़ा ना ही लंबी लाइन लगनी पड़ी, जिससे कावंरिये शीघ्र व पूरे आराम से जलार्पण कर निकल रहे थे। रविवार पट बंद होने तक लगभग सवा लाख कांवरियों ने जलार्पण किया। भारी भरकम व मोटे कांवर लेकर पहुुुंचने वालों भक्तों की संख्या बढ़ती गई।

Translate »