
रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेणुकूट में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। प्रदेश में यूपी सरकार द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को सड़क पर चलने के दौरान नियमों के अनुपालन करने की हिदायत भी दी गई। विशेषकर छात्राओं को आपात स्थिति में इमरजेंसी नंबर डायल कर सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई गई।
आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज समय-समय पर बच्चों को किताबी ज्ञान से अलग व्यवाहारिक ज्ञान देने के लिए विभिन्न प्रकार के जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। इसी कड़ी में कॉलेज के प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह चौहान के निर्देशन में सड़क सुरक्षा के नियम बताए गए। शिक्षक विजय बहादुर ने यातायात के नियम, दुर्घटना होने की स्थिति में बचाव, दुर्घटना बीमा और चिकित्सीय सहायता सम्बंधी जानकारी दीं। वहीं शिक्षक अरविन्द कुमार अग्निहोत्री ने छात्राओं को महिला सुरक्षा हेतु वूमेन पॉवर हेल्पलाइन के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यदि कोई छात्रा किसी अवांछनीय या आपात स्थित में फंस जाए तो वह किस प्रकार से सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए इमरजेंसी नंबरों पर कॉल कर मदद ले सकती है। उन्होंने आपात स्थिति में उपयोगी सम्पर्क सूत्रों और आपराधिक धाराओं आदि के साथ-साथ आत्मरक्षा की भी जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह चौहान ने अपने सम्बोधन में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर सजग रहने और सुरक्षित जीवन जीने के उपायों से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराए बिना समझदारी से काम लेने की नसीहत दी। उन्होंने छात्राओं को सशक्त बनने व दूसरों को जागरुक करने की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा अभियान कार्यक्रम के दौरान गुरुजनों संग विद्यार्थी
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal