एवरेस्ट पर मिले शवों की पहचान करना नेपाल के लिए बड़ी चुनौती, डीएनए से होगा मिलान

नेपाल।दुनिया के सर्वोच्च शिखर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने में नाकाम रहे चार पर्वतारोहियों के शवों की पहचान कराना अब नेपाल के अधिकारियों लिए नई चुनौती बन गई। शव पहचानने की हालत में नहीं हैं, डीएनए से पहचान करने पर विचार किया जा रहा। दो सप्ताह पहले नेपाल सरकार के सफाई अभियान के दौरान ये शव मिले थे। इस सफाई अभियान में 11 टन कचरा इकट्ठा किया गया है। माना जा रहा है कि अभी और भी कई शव बर्फ के नीचे दबे हो सकते हैं।
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि शवों की पहचान कर उनके घरों तक पहुंचाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि ढलान पर पाए जाने से पहले ये शव कितने समय से यहां थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फनिंद्रा प्रसाई ने कहा कि शव पहचान की स्थिति में बिलकुल नहीं हैं। चेहरा ठीक से पहचान में नहीं आ रहा है। वह अस्पताल से इस बारे में बात कर चुके हैं कि वह परिवारों से डीएनए सैंपल का मिलान करें।

Translate »