लाइफ स्टाइल. भारतीय महिलाओं में एडवेंचर ट्रिप का रुझान बढ़ा है। युवा महिलाएं इसमें ज्यादा रुचि दिखा रही हैं। यह जानकारी इंटरनेशनल ट्रैवल कंपनी कॉक्स एंड किंग्स की रिपोर्ट से सामने आई है। एडवेंचर एक्टिविटी के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या 2017 की तुलना में 2018 में 32% बढ़ी है। अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या में भी 9% इजाफा हुआ है। यह रिपोर्ट करीब 2,000 महिलाओं की बुकिंग और इनक्वायरी ट्रेंड के आधार पर तैयार की गई है।
-
महिलाओं का कहना है कि एडवेंचर ट्रैवल उन्हें आजादी का अहसास दिलाता है। ऐसी यात्रा करने वाली महिलाओं में ज्यादातर का जन्म 1980 से 1990 के बीच हुआ है। इनमें से 70% महिलाएं मेट्रो शहरों से आती हैं। शेष टियर-2 शहरों से आती हैं।
- एडवेंचर ट्रिप पर जाने वाली ज्यादातर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं। इनमें वकील, डॉक्टर, कॉर्पोरेट मैनेजर, डिजाइनर, राइटर और विभिन्न संस्थानों की प्रमुख शामिल हैं।
- कॉक्स एंड किंग्स के रिलेशनशिप्स हेड करण आनंद कहते हैं, ‘महिलाएं आमतौर पर दोस्तों के साथ यात्रा करती हैं। ऐसी महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है जो मां के साथ एडवेंचर ट्रिप पर जा रही हैं।’ एडवेंचर ट्रिप पर जाने वाली भारतीय महिलाओं में डाइविंग और ट्रेकिंग का क्रेज सबसे ज्यादा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख और नेपाल ट्रेकिंग के लिए प्राथमिकता में आते हैं।
- अंडमान, मालदीव, थाईलैंड, मलेशिया, मिस्र, बाली, गिली आइलैंड्स, ग्रेट बैरियर रीफ और मॉरिशस डाइविंग डेस्टिनेशन के तौर पर सामने आए हैं। महिलाएं वॉकिंग, साइक्लिंग, बाइकिंग, राफ्टिंग और सेलिंग भी पसंद कर रही हैं।
- रिसर्च में यह भी पाया गया है कि किलिमंजारो की चढ़ाई, स्टॉक कांगरी की चढ़ाई और आइसलैंड में आइस क्लाइंबिंग जैसे एक्सट्रीम एडवेंचर के प्रति भी महिलाओं का रुझान कुछ हद तक बढ़ा है।
- लीजर होटल ग्रुप के सेल्स प्रमुख शहजाद असलम बताते हैं कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में उनके होटलों में जितने मेहमान आ रहे हैं, उनमें आधी महिलाएं हैं। अकेले आनी वाली महिलाएं डाइविंग, राफ्टिंग और ट्रेकिंग जैसी एक्टिविटी करना पसंद करती हैं।
-
सोशल मीडिया के प्रभाव से भी महिलाओं में एडवेंचर ट्रैवलिंग का ट्रेंड बढ़ा है। महिलाएं सोशल मीडिया पर अपने अनुभव पोस्ट, तस्वीरों और वीडियो के जरिए साझा करती हैं।
- इससे अन्य महिलाएं भी एंडवेंचर ट्रिप के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं। कई महिला ट्रैवलरों ने यू ट्यूब चैनल बना रखे हैं। इसमें वे किसी खास स्थान की यात्रा के लिए जरूरी सुझाव देती हैं।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
