पटना.उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी 5, देशरत्न मार्ग में प्रवेश करते ही हतप्रभ रह गए। अंदर की साज-सज्जा और लक्जरी व्यवस्था देखकर वे हक्के-बक्के थे। उन्होंने कहा कि इसके सामने तो राष्ट्रपति भवन और पीएम आवास भी फेल है। बिहार का राजभवन और मुख्यमंत्री आवास से 100 गुना बेहतर डेकोरेशन किया गया है। सारी सुविधाएं फाइव स्टार होटल को मात करने वाली हैं। महंगे पलंग, सोफा, कुर्सियों की कौन कहे, बाथरूम की व्यवस्था देखकर ही आप दंग रह जाएंगे। सारे कमरों में अद्भुत साज-सज्जा की गई है। यह किसी राजमहल जैसा लग रहा है। बंगले की व्यवस्था देखकर अहसास हो रहा है कि तेजस्वी यादव क्यों नहीं इसे छोड़ रहे थे। ऐसा अद्भुत बंगला कोई भी नहीं छोड़ना चाहेगा। इसमें रहने के बाद वे इन सुविधाओं को कैसे छोड़ सकते थे?
-
मोदी ने मंगलवार की शाम चार बजे इस बंगले में प्रवेश किया। बाहर के कमरे में पहुंचते ही वहां की सजावट देखकर वे हतप्रभ हो गए। जैसे-जैसे अन्य कमरों में गए, उनकी आंखें फटी रह गईं। पहले तल्ले पर बने बेडरूम, किचन, ड्राइंग रूम, बाथरूम को देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा- ऐसी व्यवस्था, आधुनिक सुविधाएं और महंगी सामग्री की कल्पना नहीं की थी। हर चीज पर भारी भरकम राशि खर्च की गई है।
-
मोदी ने कहा कि वे इस आवास के संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी अवगत कराएंगे। उन्हें भी इस आवास को दिखाएंगे कि तेजस्वी कैसी सुविधाओं को उपभोग कर रहे थे। मुख्यमंत्री से आग्रह भी करेंगे कि वे ही इस आवास में रहें। यह बंगला उनके लिए हाथी के समान है। इसका रखरखाव भी उनके लिए मुश्किल होगा। उन्होंने दावा किया कि इस बंगले पर कम से कम चार-पांच करोड़ रुपए खर्च किए गए होंगे। वे बंगले पर हुए खर्च की जानकारी लेंगे। मोदी ने कहा कि उन्हें जानकारी दी गई है कि पीछे अस्तबल और अन्य निर्माण हैं, जहां लालू प्रसाद-राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों के अलावा अन्य लोग रहते थे। उसका निर्माण भी अद्भुत है। पहला तल्ला पर महंगा उडेन फ्लोर बनाया गया है।
-
बंगले के बाथरूम तक में एसी लगा हुआ है। पूरे बंगले में 46 ऐसी लगे हैं। 25 एसी सिर्फ कमरों में लगे हैं। 11 एसी उनके आवासीय दफ्तर में लगे हैं। हर कमरे में महंगे सोफे, कुर्सियां और टेबल हैं। टेबल के ड्रावर तक में गद्दे लगे हैं। बाथरूम में सेंसर सिस्टम काम करता है। छोटे-छोटे रूम में सिर्फ वार्डरोब बना हुआ है। ऐसे आधे दर्जन कमरे हैं। बिलियर्ड्स के लिए विशेष कमरा है। पहले तल्ले पर एक छोटा रूम भी है, जहां कुछ लोगों के बैठने की शानदार व्यवस्था है।
-
बेडरूम में सेंट्रलाइज एसी की भी व्यवस्था की गई है। शीशे के सो-केश वाले बाथरूम में अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। फर्श पर महंगे टाइल्स हैं और हर कमरे में कुछ न कुछ नया है। बाहर मुख्य भवन से दूर बैठने के लिए शानदार चबूतरा बना हुआ है। हर कमरे की बगल में बैठने के लिए कमरा है। इन्हें बड़े होटल के सूइट जैसा बनाया गया है। महंगे सोफा और बड़े स्क्रीन वाले टीवी लगे हैं। काॅन्फ्रेंस रूम में चार दर्जन सोफा और गद्दे वाली 100 से अधिक आधुनिक कुर्सियां हैं। मॉड्यूलर किचन में महंगे फ्रीज हैं।
-
सुशील मोदी इस मकान का उपयोग सरकारी कार्यों के लिए करेंगे। वे अपने परिवार के साथ राजेंद्र नगर वाले पुश्तैनी मकान में ही रहेंगे। विधायक विजय खेमका, नीरज बबलू, संजय सरावगी, विधान पार्षद दिलीप जायसवाल, नूतन सिंह भी इस बंगले को देखने पहुंचे। सारे लोग बंगले की साज-सज्जा देख हक्के-बक्के थे।
-
आवास छोड़ने पर किसी सामान को कोई क्षति नहीं पहुंचाई गई है। आवास देखने पर वह अपने मूल स्वरूप में ही दिखता है। अलबत्ता तेजस्वी दीवारों पर लगी लालू-राबड़ी की तस्वीर लेते गए हैं। हर चीज करीने से रखी हुई है। मोदी ने कहा कि वे तेजस्वी से अनुरोध करते हैं कि वे एक पोलो रोड वाले आवास में जाकर रहें।
-
^मेरे पास छोटा-सा अपना मकान है। शुरू से उसमें ही रहते आया हूं। इस नए मकान में किस तरह एडजस्ट करेंगे, इसपर विचार करेंगे। फिलहाल गृह प्रवेश कर लिया है। – सुशील कुमार मोदी, उपमुख्यमंत्री
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
