कृति महिला मंडल, एनसीएल ने किया मच्छरदानी वितरण

image

66 संविदाकर्मियों के बीच किया गया वितरण

सिगरौली।नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के कृति महिला मंडल ने शुक्रवार को मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। एनसीएल के संविदा कर्मियों के बीच मच्छरदानी का वितरण किया गया। कार्यक्रम से 66 संविदा कर्मी लाभान्वित हुए। बरसात के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों से बचने में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से मच्छरदानी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन एनसीएल मुख्यालय स्थित अधिकारी क्लब में किया गया, जिसमें एनसीएल की प्रथम महिला व कृति महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती संगीता सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि तथा कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती प्रतिमा पाण्डेय व श्रीमती नीलू ठाकुर बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थीं।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्रीमती सिन्हा ने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरों के काटने से कई तरह की बीमारियां होने का खतरा रहता है। ऐसे में मच्छरदानी संविदा श्रमिकों एवं उनके परिवार को रोगों से बचाने में मददगार साबित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि वितरित की गई मच्छरदानी लाभार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृति महिला मंडल एवं इसकी क्षेत्रीय इकाइयां समाज के जरूरतमंदों के समावेशी विकास के लिए अपने प्रयासों को और गति देंगी।

कार्यक्रम में कृति महिला मंडल की सदस्याएं श्रीमती मंजू बिश्वाल, श्रीमती राधा कोट्टूरी, श्रीमती नूतन सिंह, श्रीमती उषा किरण, श्रीमती दीपालिमा नाथ एवं अन्य सदस्याएं उपस्थित थीं।

गौरतलब है कि कृति महिला मंडल एनसीएल परिक्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण हेतु निरंतर तत्पर है और समय-समय पर उनके लिए कल्याणकारी कार्य करता रहता है। महिला मंडल ने जून 2018 में करैला ग्राम-पंचायत में ‘महिला-बाल स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया था, जिसमें गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार दवाएं दी गई थीं। महिला मंडल ने जनवरी 2018 में शासकीय कन्या हाई स्कूल, पंजरेह की छात्राओं के बीच स्वेटर का वितरण किया था। साथ ही, दिसंबर 2017 में पंजरेह के वार्ड नंबर 5 के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवारों के बीच कंबल वितरण किया था।

Translate »