त्यौहारों के मद्देनजर सफाई अभियान शुरू

मोहन गुप्ता

गुरमा-सोनभद्र। दीपावली, भैया दूज और छठ से पहले मारकुंडी ग्रामसभा में सफाई अभियान शुरू किया गया। मंगलवार को सदर विकास खंड की सलखन न्याय पंचायत में ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव के नेतृत्व में सफाई कराई गई।

अभियान के तहत आरसी सेंटर, प्राथमिक विद्यालय कोलान बस्ती और यादव बस्तियों में सफाई हुई। लगातार बारिश के बाद गांव की गलियों, सार्वजनिक जगहों और खाली स्थानों पर घास-फूस और झाड़ियां जमा हो गई थीं। कई जगह पानी भरने और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका थी। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी। त्योहारों से पहले ग्रामीणों को गांव की सफाई और संक्रामक बीमारियां फैलने की चिंता थी। सफाई अभियान शुरू होने के बाद सार्वजनिक जगहों और बस्तियों में काम शुरू हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि त्योहारों के दौरान साफ वातावरण बनाए रखने के लिए गांव में नियमित सफाई जरूरी है। अभियान के दौरान सूरज यादव, राजकुमार, सूरज केशरी, विकास और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Translate »