श्रीराम कथा से गुलजार हो रहा बसही गांव, विभिन्न जनपदों से जुट रहे श्रद्धालु
सोनभद्र/मिर्जापुर। पवनपुत्र हनुमान जी को जगत जननी माता सीता ने आठ सिद्धियों और नौ निधियों को प्रदान करने का वरदान दिया था। सनातन धर्म में प्रत्येक व्यक्ति को ईश्वर की प्राप्ति और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का समान अधिकार है। भक्ति मनुष्य को सदाचार, सेवा और आध्यात्मिक उन्नति की ओर प्रेरित करती है।


ये विचार अंतरराष्ट्रीय कथावाचिका पूज्य किशोरी साक्षी दीदी ने रविवार को श्रीराम कथा के दौरान व्यक्त किए।मिर्जापुर जिले की मड़िहान तहसील के बसही गांव में शरद पूर्णिमा और महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या


पर आयोजित श्रीराम कथा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। कथा श्रवण के लिए सोनभद्र, मिर्जापुर सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में रामभक्त भगवान श्रीराम की महिमा का रसपान कर रहे हैं।


विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अम्बरीष जी के परिवार की ओर से आयोजित इस श्रीराम कथा में रविवार को सोनभद्र से रवि चौबे, दयाशंकर पाण्डेय, डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. अजय सिंह, डॉ. अंजलि विक्रम सिंह, भोलानाथ मिश्र सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मिर्जापुर से गंगासागर दुबे समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों रामभक्तों ने कथा और सत्संग का श्रवण किया।
इस अवसर पर विहिप के केंद्रीय मंत्री अम्बरीष जी ने कथा में पधारे सभी रामभक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रीराम कथा के आयोजन से बसही गांव में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal