ज्ञानदास कन्नौजिया
ढूटेर-शाहगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्रों को पक्की छत दी जा रही है। इसी बीच घोरावल ब्लॉक की ग्राम पंचायत ढुटेर में पीएम आवास योजना की अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी की सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। ढुटेर गांव के राकेश, उपेंद्र, संदीप, चंदन और बिजेंद्र ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि एससी श्रेणी की सूची में अन्य जातियों के लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं। इससे वास्तविक एससी लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पाने की आशंका है।
जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने परियोजना निदेशक जिला विकास अभिकरण को तुरंत जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक ने सहायक विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक टीम बनाई है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी घोरावल को नियमों के तहत कार्रवाई कर एक सप्ताह में जानकारी देने को कहा है। शिकायतकर्ताओं ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि एससी सूची में ऐसे लोगों के नाम हैं जो इस श्रेणी में नहीं आते। ग्रामीणों ने मांग की है कि सूची की निष्पक्ष जांच और दस्तावेजी सत्यापन कराया जाए। साथ ही, पात्रता की जांच के बाद केवल वास्तविक एससी लाभार्थियों को ही सूची में शामिल किया जाए। इससे गरीब और वंचित एससी परिवारों को पक्की छत मिल सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और जरूरत पड़ने पर मामले को बड़े अधिकारियों तक ले जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया है कि अगर एससी सूची में गलत नाम दर्ज हुए हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है और यह गड़बड़ी कैसे हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और गड़बड़ी साबित होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal