शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 6 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत की गई।


एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा को मुखबिर और सर्विलांस से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ग्राम जैत से पहले एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन कंटेनर चालक उसे लेकर भाग गया और शाहगंज की तरफ जाने लगा। इस सूचना पर गौरीशंकर मंदिर के आगे पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।
पुलिस टीम को चेकिंग करते देख कंटेनर से कूदकर भागने की कोशिश की गई। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज की तरफ से एसओजी प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भाग रहे दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार साहू बताया।
कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें लोहे की चद्दर से वेल्डिंग कर दो विशेष केबिन बनाए गए थे। दिलीप कुमार देहुरी की निशानदेही पर इन केबिनों को खुलवाया गया। इनमें से कुल 6 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं। आरोपियों ने बताया कि यह गांजा मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति को पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान कर रही है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राहुल पाण्डेय, चौकी प्रभारी कस्बा, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रितेश पटेल, हेड कांस्टेबल लालजी यादव (एसओजी), कांस्टेबल अजीत यादव, कांस्टेबल शिवम मौर्या और कांस्टेबल जय प्रकाश सरोज शामिल थे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal