मोहन गुप्ता
गुरमा, सोनभद्र। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र के गुरमा रामलीला मैदान में लगी हाईमास्ट लाइट करीब चार माह से खराब पड़ी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। प्रकाश व्यवस्था ठप होने से शाम होते ही रामलीला मैदान और आसपास का इलाका अंधेरे में डूब जाता है। रामलीला मैदान में शाम के समय बच्चे खेलकूद करते हैं और यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। हाईमास्ट बंद होने के कारण बच्चों को अंधेरे में खेलना पड़ रहा है। वहीं रामलीला मैदान से गुरमा चौराहे तक आने-जाने वाले लोगों को भी रात में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण विषैले जीव-


जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे लगे कई विद्युत पोलों की लाइटें भी खराब हैं। इससे पूरे क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था प्रभावित है। लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी सभासद सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
रामलीला शुरू होने से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कुछ ही दिनों में रामलीला मंच से रामलीला का आयोजन शुरू होने वाला है। ऐसे में मैदान की हाईमास्ट लाइट का लंबे समय से खराब रहना नगर पंचायत की प्रकाश व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। रामलीला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की आवाजाही होगी, जिससे पर्याप्त रोशनी की आवश्यकता और बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रामलीला शुरू होने से पहले हाईमास्ट लाइट सहित सड़क किनारे खराब पड़ी सभी विद्युत लाइटों की तत्काल मरम्मत कराकर पूरे क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में मनोज कुमार सभासद प्रतिनिधि, चंदन सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, शुभम गुप्ता, किशन भारती, इंद्रदेव कनौजिया, राजकुमार, विनोद विश्वकर्मा, चिंटू चौबे, अंकित कुमार सहित अन्य लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई तो रामलीला आयोजन के दौरान अंधेरा बड़ी समस्या बन सकता है।उक्त सम्बंध में जब अधिशासी अधिकारी अमीत कुमार सरोज से जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि जल्द ही इलेक्ट्रेशियशन को भेज कर ठीक करा दिया जायेगा।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal