Wednesday , September 16 2026

गैस, बिजली और ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग पर दिया गया प्रशिक्षण



सोनभद्र। इस्लामिया इंटर कॉलेज ओबरा परिसर में बुधवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ओबरा की ओर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आग लगने के विभिन्न कारणों और प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने के आसान एवं सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक सीआईएसएफ ओबरा के सब इंस्पेक्टर अमित चतुर्वेदी ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव, पेट्रोल-डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों में लापरवाही से आग लग सकती है। उन्होंने आग के प्रकार के अनुसार उपयुक्त अग्निशामक यंत्र के प्रयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिजली से लगी आग में पानी डालना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में पहले विद्युत आपूर्ति बंद कर उपयुक्त अग्निशामक का प्रयोग करना चाहिए। गैस में आग लगने पर गैस की आपूर्ति बंद करना जरूरी है। कपड़ों में आग लगने पर व्यक्ति को दौड़ने के बजाय जमीन पर लेटकर लुढ़कने की सलाह दी गई। प्रशिक्षण के दौरान आपात स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक विवेकानंद सिंह, सुशील कुमार राव, आरक्षक अग्नि नितेश कुमार सिंह, दर्शनसलिंग और आरक्षक चालक अजीत सिंह काजला व अध्यक्षता प्रधानाचार्य रियाज अहमद ने की।


सावधानी से टल सकता है बड़ा हादसा

सोनभद्र। अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण में बताया गया कि घर, विद्यालय और कार्यस्थल पर ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित रखना चाहिए। बिजली के उपकरणों और गैस चूल्हे का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। आग लगने की स्थिति में सबसे पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आवश्यकता पड़ने पर दमकल सेवा को सूचना देने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Translate »