शाहगंज बाजार में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और पूरे बाजार में अंधेरा छा गया। ट्रांसफार्मर जलने के कारण पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया है।

यह घटना सुशील सिंह के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर हुई। रात भर रुक-रुककर हो रही बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभावित उपभोक्ताओं में श्री प्रकाश सिंह, सुशील सिंह, गोविंद केशरी और नारायन सहित सैकड़ों उपभोक्ता शामिल हैं। उपभोक्ताओं ने तत्काल सबस्टेशन पर तैनात संबंधित जेई कमला सिंह को विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचना दी। मंगलवार दोपहर बिजली विभाग के जेई ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। जेई ने जांच के बाद बताया कि ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जला है। उन्होंने इसकी जानकारी विभागीय उच्च अधिकारियों को दे दी है। उन्होंने ने बताया कि विभाग से मंगलवार शाम तक बाजार में नया 400 केवीए ट्रांसफार्मर पहुंचने की उम्मीद है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal