शाहगंज-सोनभद्र। शाहगंज सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार दोपहर से देर रात तक और शुक्रवार सुबह रिमझिम बारिश के बावजूद बाजारों में राखी और मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।


स्थानीय बाजार में दुकानदारों ने राखी और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की दुकानें सजाई थीं। गुरुवार दोपहर से देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। शुक्रवार को भी सुबह से ही दुकानों पर रौनक बनी रही, जहां बहनें अपने भाइयों के लिए राखी और मिठाइयां खरीदती नजर आईं। रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाई की


कलाई पर रक्षासूत्र बांधती हैं और उनकी लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, जबकि भाई उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, शिशुपाल वध के दौरान जब भगवान श्रीकृष्ण की उंगली कट गई थी और खून बहने लगा, तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया था। श्रीकृष्ण ने इस स्नेह का सम्मान करते हुए चीरहरण के समय द्रौपदी की लाज बचाकर अपना वचन निभाया था। बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ के कारण शाहगंज के हनुमान मंदिर तिराहे से राजपुर रोड तिराहे तक गुरुवार शाम को कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय पुलिस के जवान जगह-जगह जाम खुलवाने में जुटे रहे, जिससे राहगीरों को राहत मिली।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal