सोनभद्र। शाहगंज थाना की साइबर टीम ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति को उसकी ठगी गई धनराशि वापस दिलाई है। शुक्रवार देर शाम आवेदक बृजेश के मूल खाते में 19,500 रुपये की राशि लौटाई गई। बृजेश सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र के ईनम गांव के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, बृजेश के साथ साइबर धोखाधड़ी कर 19,500 रुपये ठगे गए थे। साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन किया और धोखाधड़ी की गई राशि को संबंधित खाते में तत्काल होल्ड करा दिया।
इसके बाद, पोर्टल से लेनदेन से संबंधित आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और संबंधित बैंक से ईमेल व पत्राचार के माध्यम से समन्वय स्थापित किया गया। साइबर टीम के प्रयासों के परिणामस्वरूप, होल्ड की गई 19,500 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक आवेदक के मूल बैंक खाते में वापस आ गई। धनराशि वापस मिलने पर आवेदक ने शाहगंज साइबर टीम की सराहना की।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक तेज बहादुर राय और आरक्षी अमन सिंह तोमर (साइबर हेल्प डेस्क) शामिल थे।
पुलिस ने साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं:
किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, बैंक खाता संख्या, नेट बैंकिंग यूजर आईडी/पासवर्ड और ओटीपी साझा न करें। साइबर अपराध की घटना होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन शिकायत के लिए तत्काल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal