सोन नदी में मिला मृत मगरमच्छ

वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार दोपहर के पश्चात अगोरी किला के सामने सोन नदी में एक मृत मगरमच्छ का शव पानी में बहता दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को देखा, वहां भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ का शव नदी में बहता हुआ किनारे पर आकर रुक गया था। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के काफी देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मगरमच्छ को कब्जे में लेकर जांच के लिए अपने साथ ले गई। मगरमच्छ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि वन विभाग नदी और वन्यजीवों की नियमित निगरानी करता, तो शायद इस तरह की घटना सामने नहीं आती।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सोन नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी पहले से ही लोगों के लिए चिंता का विषय रही है। हाल ही में मगरमच्छ के हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से न तो प्रभावी निगरानी की जा रही है और न ही लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अब नदी में मृत मगरमच्छ मिलने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर मगरमच्छ की मौत के कारणों का खुलासा करने तथा वन्यजीवों की सुरक्षा और नदी क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।

Translate »