मछली पकड़ने गए व्यक्ति पर मगरमच्छ का हमला

पैर पकड़कर नदी में खींचने की कोशिश, बाल-बाल बची जान

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र करगरा चौधरान टोला में शनिवार सुबह करीब 7 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति पर नदी किनारे घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, लल्लू साहनी (55 वर्ष) पुत्र राम प्यारे साहनी, निवासी करगरा चौधरान टोला, शनिवार सुबह रोजाना की तरह नदी किनारे मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उनके पैर को अपने जबड़ों में दबोच लिया और नदी की ओर खींचने का प्रयास किया।

अचानक हुए हमले से घबराए लल्लू साहनी ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ से संघर्ष किया और किसी तरह अपने पैर को उसके जबड़ों से छुड़ाने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हमले में लल्लू साहनी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से नदी किनारे निगरानी बढ़ाने मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Translate »