मुस्कुराते हुए सौंपा त्यागपत्र, बोले—अब संगठन से मेरा कोई लेना-देना नहीं, बैठक कार्यक्रम के लिए न बनाया जाए दबाव
मोहन गुप्ता
गुरमा-सोनभद्र। समग्र मानवाधिकार एसोसिएशन को उस समय बड़ा झटका लगा, जब संगठन के जिला कल्याण सचिव मुन्ना सिंह ने अपने पद से स्वेच्छा से इस्तीफा देने के साथ-साथ संगठन की सदस्यता भी छोड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. बी. यू. अंसारी को संबोधित अपना त्यागपत्र भेजकर व्यक्तिगत, प्रशासनिक एवं व्यवसायिक कारणों


का हवाला देते हुए संगठन से पूरी तरह अलग होने का निर्णय लिया। त्यागपत्र सौंपने के दौरान मुन्ना सिंह के चेहरे पर साफ़ मुस्कान और आत्मविश्वास दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच उनकी सहज और प्रसन्न मुद्रा चर्चा का विषय बनी रही। इससे यह संदेश गया कि उन्होंने यह निर्णय किसी दबाव में नहीं, बल्कि पूरी तरह सोच-समझकर और अपनी इच्छा से लिया है। मुन्ना सिंह ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि संगठन से जुड़कर उन्हें मानवाधिकार संरक्षण एवं सामाजिक कार्यों में योगदान देने का अवसर मिला, जिसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से बढ़ती व्यक्तिगत, प्रशासनिक एवं व्यवसायिक व्यस्तताओं के कारण वे संगठन की बैठकों, अभियानों और अन्य गतिविधियों में अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे थे।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में वे सिविल डिफेंस (नागरिक सुरक्षा) से जुड़े हुए हैं, जहां नियमित प्रशिक्षण, ड्यूटी तथा विभिन्न जनहित एवं आपातकालीन कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी कारण संगठन की जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन कर पाना उनके लिए संभव नहीं रह गया था। अपने त्याग पत्र में मुन्ना सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि उनका स्वैच्छिक इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें जिला कल्याण सचिव पद के साथ-साथ संगठन की सदस्यता एवं सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से कार्य मुक्त किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब उनका समग्र मानवाधिकार एसोसिएशन से किसी भी प्रकार का कोई लेना-देना नहीं है। भविष्य में संगठन का कोई भी पदाधिकारी उन्हें किसी बैठक, कार्यक्रम, अभियान, सदस्यता अथवा अन्य किसी गतिविधि में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का दबाव न बनाए। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने पूरी तरह अपनी स्वेच्छा एवं व्यक्तिगत इच्छा से लिया है और सभी से उनके निर्णय का सम्मान करने की अपेक्षा की है।त्यागपत्र के अंत में मुन्ना सिंह ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति तथा मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं।हालांकि संगठन की ओर से उनके इस्तीफे और सदस्यता त्याग को लेकर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal