मोहन गुप्ता
गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित मारकुंडी अवई सहकारी समिति पर गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में किसानों को खाद का वितरण दोबारा शुरू कराया गया। प्रशासनिक व्यवस्था के बीच किसानों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए खाद वितरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। जानकारी के अनुसार, समिति

पर लगभग 400 बोरी यूरिया और 400 बोरी डीएपी उपलब्ध थी। मंगलवार को सचिव द्वारा खाद वितरण शुरू करने का प्रयास किया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने और आपसी अव्यवस्था के कारण विवाद की स्थिति बन गई। इसके चलते पूरे दिन खाद वितरण रोकना पड़ा। स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बाद समिति प्रबंधन ने पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद गुरुवार को पुलिस की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच किसानों को क्रमबद्ध तरीके से खाद वितरित की गई। खाद वितरण के दौरान समिति के सचिव अमरदेव, आंशिक कर्मचारी रमेश, चौकीदार राजेंद्र मिश्रा, हेड कांस्टेबल, पुलिसकर्मी अमित चौहान, अरुण कुमार पांडेय, पूर्व प्रधान परमेश्वर यादव, कमला यादव, राहुल सिंह, रामेश्वर, महेंद्र, रंगनाथ मिश्रा, कन्हैया लाल, रामसरन, अशैक, मुरारीधर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में खाद वितरण शुरू होने से किसानों को राहत मिली और समिति परिसर में व्यवस्था सामान्य बनी रही।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal