मोहन गुप्ता
गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के चिरहुली गांव निवासी एक युवक का शव गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर नहर के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान छोटू (26 वर्ष) पुत्र विश्वनाथ, निवासी ग्राम चिरहुली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार छोटू मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ था और करीब तीन दिन पहले ही घर वापस लौटा था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पश्चिम दिशा में स्थित नहर के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। पहचान होने पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal