गुरमा-सोनभद्र। जनपद के मुख्यालय रावर्टसगंज, शाहगंज, घोरावल , गुरमा, मारकुंडी, करगरा मोड़ और सलखन क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व उत्साह, हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर

ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के साथ अन्य धर्मों के लोगों ने भी भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। चौकी प्रभारी गुरमा अतुल कुमार पटेल ने कहा कि समाज को आज शांति, सद्भावना और भाईचारे की सबसे अधिक आवश्यकता है। बकरीद का पर्व हजरत इब्राहिम के त्याग, समर्पण और बलिदान की याद में मनाया जाता है। इस दिन कुर्बानी के साथ जरूरतमंदों की मदद करने की परंपरा निभाई जाती है। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

त्योहार को देखते हुए नगर पंचायत चुर्क-गुर्मा द्वारा साफ-सफाई की व्यवस्था की गई, वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा। चौकी प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहा।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal