विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र) । थाना बीजपुर की साइबर टीम ने तत्परता और दक्षता का परिचय देते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए एक पीड़ित की पूरी धनराशि ₹25,000 उसके मूल खाते में वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल

की है। इस कार्यवाही से जहां पीड़ित को राहत मिली, वहीं साइबर अपराधियों को भी कड़ा संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक गुरु चरण सिंह, निवासी एनटीपीसी कॉलोनी, थाना बीजपुर, जनपद सोनभद्र, अज्ञात साइबर ठगों के झांसे में आकर ₹25,000 की ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष बीजपुर के कुशल नेतृत्व में साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने NCRP पोर्टल के माध्यम से मामले का गहन विश्लेषण किया, आवश्यक डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए और संबंधित बैंक शाखा से समन्वय स्थापित करते हुए ईमेल व पत्राचार के जरिए कार्रवाई को अंजाम दिया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप, ठगी गई पूरी ₹25,000 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। अपनी रकम वापस मिलने पर आवेदक ने बीजपुर पुलिस की साइबर टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, आरक्षी सरोज अमित कुमार, श्रीकृष्ण एवं महिला आरक्षी निहारिका पांडे (साइबर हेल्प डेस्क) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीजपुर पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सतर्कता और समय पर शिकायत करने से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal