बीजपुर प्रीमियर लीग मैच का हुआ आगाज

बीजपुर प्रीमियर लीग में रोमांच का तूफान, दर्शकों की उमड़ी भीड़

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। रात्रिकालीन सर्किल टूर्नामेंट “बीजपुर प्रीमियर लीग” का आगाज धमाकेदार मुकाबलों के साथ हुआ, जहां पहले ही दिन रोमांच, संघर्ष और शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उद्घाटन मैच में सिरसोती थंडर ने यंग बॉयज जूनियर को 4 रन से हराकर जीत का खाता खोला। पहले बल्लेबाजी करते

हुए सिरसोती ने 8 ओवर में 74 रन बनाए, जवाब में यंग बॉयज 70 रन तक ही पहुंच सकी। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए परेज़ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में चेतवा ने बीजपुर नाइट राइडर्स को एकतरफा अंदाज में हराया। चेतवा के 58 रन के जवाब में नाइट राइडर्स की टीम मात्र 30 रन पर सिमट गई। आकाश केसरी ने कसी हुई गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया। तीसरे मैच में डोडहर ने जरहा बॉयज को 15 रन से हराकर दमदार जीत दर्ज की। विनोद के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को मजबूती दी। चौथे मुकाबले में डेडली डायनामाइट ने बीजपुर क्रिकेट क्लब को 17 रन से हराया, जहां दिवाकर की घातक गेंदबाजी ने विरोधी टीम को ढेर कर दिया। पांचवें मुकाबले में रिहंद बॉयज ने स्टार 11 को 93 रन के बड़े लक्ष्य के सामने पूरी तरह दबाव में ला दिया और 48 रन से जीत दर्ज की। मक्कुल खान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी से मैच अपने नाम किया। वहीं छठे मैच में गैरेज टीम ने सिरसोती वॉरियर्स को 33 रन से पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया। रात्रिकालीन इस टूर्नामेंट में दर्शकों की मौजूदगी ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। लाइव स्कोरिंग शिव जायसवाल ने संभाली, जबकि हिंदी कमेंट्री धनंजय शर्मा और भोजपुरी कमेंट्री आनंद शर्मा ने कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट के पहले दिन ने ही यह साफ कर दिया कि आगे के मुकाबले और भी ज्यादा रोमांचक होने वाले हैं।

Translate »