साइबर ठगों के खिलाफ बीजपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, गांव-गांव चौपाल लगाकर जागरूकता की अलख ।।
विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच बीजपुर पुलिस ने आमजन को सुरक्षित करने के लिए जमीनी स्तर पर एक प्रभावी पहल शुरू किया है। इसी क्रम में बुधवार को महुली स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक व्यापक साइबर जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष बीजपुर के निर्देशन में किया गया, जिसमें उपनिरीक्षक कमलाकांत, कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुप्ता, कांस्टेबल सरोज, अमित कुमार श्रीकृष्ण एवं महिला कांस्टेबल निहारिका की सक्रिय भागीदारी रही।
चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और ठगी के नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि

किस प्रकार ठग फर्जी कॉल, OTP, बैंक डिटेल, लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आगाह करते हुए कहा कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण और OTP किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
इस अवसर पर विशेष रूप से साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत इस नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराए, जिससे समय रहते धन की रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यह भी समझाया कि लालच, डर और जल्दबाजी साइबर ठगों के सबसे बड़े हथियार होते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर सतर्क रहें और बिना पुष्टि किए कोई कदम न उठाएं। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जागरूकता चौपाल गांव-गांव में लगातार आयोजित होनी चाहिए, ताकि हर व्यक्ति साइबर अपराधों के प्रति सजग और सुरक्षित रह सके। बीजपुर पुलिस का यह अभियान न केवल अपराध रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि आमजन के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सशक्त बना रही है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal