12 सूत्रीय मांगों को लेकर उग्र आंदोलन का ऐलान
विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ (एटक) के आह्वान पर क्षेत्र के बिजली कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। बुधवार को आंदोलन के पहले चरण में बीजपुर, नधिरा और बभनी उपकेंद्रों के 33/11 केवी सब स्टेशनों पर तैनात संविदा व नियमित कर्मचारियों ने

बाजू पर काली पट्टी बांधकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी 12 सूत्रीय मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन विसंगति, संविदा कर्मियों को आउटसोर्सिंग निगम में समायोजित करने, न्यूनतम वेतन 28,000 रुपये निर्धारित करने और ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये की तत्काल सहायता जैसी अहम मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और उग्र रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने “मजदूरों को न्याय दो” और “प्रदेश को बिजली दो” जैसे नारों से माहौल को गुंजायमान कर दिया। इस मौके पर वीरेंद्र यादव, तसव्वर अंसारी, रहमत अली, जितेंद्र कुमार, कमलेश कुमार, बाबूलाल, सोनू यादव, गुलाबचंद, संदीप, विकेश और छोटेलाल सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal