बिजली हस्तांतरण के विरोध में बीजपुर में उमड़ा जनसैलाब, आंदोलन की दी चेतावनी

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद द्वारा बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपने के निर्णय के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। रविवार को समृद्धि जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में दूधहिया

मंदिर परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के तीनों पुनर्वास क्षेत्रों और बाजार के हजारों लोगों ने शिरकत की। सभा में बीजपुर, डोडहर और सिरसोती ग्राम पंचायतों के ग्रामीण, स्थानीय व्यवसायी, महिलाएं और बुजुर्ग भारी संख्या में जुटे।वक्ताओं ने एनटीपीसी रिहंद द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका और उसके बाद उत्पन्न स्थितियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वे वर्षों से मिल रही एनटीपीसी की बिजली व्यवस्था में किसी भी तरह का बदलाव नहीं चाहते।उन्होंने दो टूक कहा कि यूपीपीसीएल की जर्जर और अनिश्चित बिजली व्यवस्था उन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है।
बैठक के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस मामले में वे जनभावनाओं की अनदेखी महसूस कर रहे हैं।यदि बिजली आपूर्ति का जिम्मा जबरन यूपीपीसीएल को सौंपा गया तो क्षेत्र की जनता बड़े पैमाने पर आंदोलन और अनशन करने को बाध्य होगी। सभा में मौजूद सभी लोगों ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया। ग्रामीण बोले कि हम दशकों से एनटीपीसी की बिजली पर निर्भर हैं। अब अचानक हमें यूपी बोर्ड के भरोसे छोड़ना हमारे साथ अन्याय है। हम अपनी मांगें मनवाने के लिए सड़क पर उतरने को तैयार हैं।रणनीति के तहत यह निर्णय लिया गया कि सोमवार को समृद्धि जन कल्याण ट्रस्ट की एक टीम एनटीपीसी प्रबंधन से मुलाकात करेगी और उन्हें ग्रामीणों की मांगों से संबंधित आधिकारिक ज्ञापन सौंपेगी। इस सभा ने प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बिजली के मुद्दे पर बीजपुर की जनता पीछे हटने वाली नहीं है।इस मौके पर सिद्धार्थ गुप्ता,महाबीर गौड़,जावेद,जयसिंह,राजेश,गोविंद गुप्ता,श्रीराम यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। उधर इस मामले पर यूपीपीसीएल पिपरी एक्सीयन ए के सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय का आदेश आया है एनटीपीसी प्रबंधन ने अभी पैसा जमा नही किया है जैसे ही पेपर प्रकिया पूरी होगी बीजपुर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था यूपीपीसीएल अपने हाथों में लेकर काम को शुरू कर दिया जाएगा।

Translate »