पुरुषोत्तम चतुर्वेदी की रिपोर्ट

वाराणसी। नाव पलटने की जानकारी पर पुलिस और एनडीआरकी टीम वारदात स्थल की ओर दौड़ पड़ी। रविवार की शाम बड़ा हादसा हुआ। गंगा में नाव पलट गई। डूब रहे सात लोगों को बचाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो लोग लापता हैं। लापता लोगों की खोजबीन पुलिस गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम की मदद से कर रही है।
भेलूपुर पुलिस ने बताया कि छुट्टी का दिन होने के कारण कुछ लोग नाव से घूमने के लिए निकले थे। भदैनी घाट के सामने नाव सवार लोगों के सेल्फी लेने की होड़ के कारण नाव अनियंत्रित होकर एक तरफ पलट गई। कई लोग पानी में गिर गए। चीख सुनकर कई मल्लाह पानी में कूदे। सात लोगों को बचाकर दूसरी नावों पर चढ़ाया गया। जानकारी मिलते ही फोर्स मौके पर पहुंची। भेलूपुर पुलिस गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम की मदद से तलाश जारी रखी है। कुछ लोगों के अनुसार, नौ लोग ही सवार थे।
एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तुलसीघाट के पास हादसा हुआ है। एक नाविक के अनुसार, सभी लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी डूबे हो सकते हैं, जिसे देखते हुए हमारी ओर से रेस्क्यू आपॅरेशन चलाया जा रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि जो लोग बचाये गये हैं उनमें से ज्यादातर स्थानीय हैं। सभी अभी बदहवास हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव में सेल्फी लेने के चक्कर में हादसा हुआ है।
नाविक का कहना है कि कई बार मना किया गया फिर भी लोग नहीं माने। इससे जानकी घाट के पास नाव असंतुलित होकर डगमगाने लगी। नाव हिलने से लोग सहम गए। नाव में ही इधर-उधर भागने लगे। नाव पलट गई। नाविक मनोज कुमार साहनी का कहना है कि नाव की क्षमता 12 सवारी की है। नाव में नौ लोग सवार थे। बचाये गए लड़कों के अनुसार, पंजाब में पढ़ने वाले विशाल सिंह और अभिषेक मौर्या नहीं मिल रहे हैं। दोनों भोजूबीर के रहने वाले हैं। पुलिस नाविक से पूछताछ कर रही है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal