देश भर में जहां आज गुरू नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है वहीं भाजपा सरकार अंधेरे गलियारे में ढकेल रही है- पूर्ब सीएम अखिलेश


लखनऊ 11 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश भर में जहां आज गुरू नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है वहीं भाजपा सरकार अंधेरे गलियारे में ढकेल रही है। भाजपा और समाजवादी पार्टी में यही अंतर है कि समाजवादी पार्टी भाजपा के कारनामों से संघर्ष कर रही है। भाजपा की नीतियां विनाशक हैं जबकि समाजवादी पार्टी निर्माण और रचना की पक्षधर है।
श्री यादव ने आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जनपदों से मिलने आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा समाज को दिशा भ्रम का शिकार बना रही है। बुनियादी समस्याएं जहां की तहां मुंह बाए खड़ी हैं, ढाई वर्ष सरकार के पूरे हो जाने पर भी उनके समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं हुए हैं। कानून व्यवस्था के हालात बिगड़े हुए हैं। बिना कोई काम किए भाजपा सरकार ने फिजूल की बातों में समय बर्बाद कर दिया।
अखिलेश यादव आज तमाम ऐसे लोगों से मिले जो अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे लेकिन उन्हें आज तक आवास नहीं मिला। नौजवानों ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर न के बराबर हैं। जो उद्योगधंधे हैं भी उनमें छंटनी हो रही है। वे बेरोजगारी से परेशान हैं। उनका भविष्य अंधकार में है। कुछ खिलाड़ी भी आए थे जिनका कहना है कि भाजपा सरकार में उनकी अनदेखी की जा रही है। वे आभारी है कि समाजवादी सरकार में उन्हें पुरस्कार और सम्मान मिल रहा था। यशभारती जैसा सर्वोच्च सम्मान भी उन्हें समाजवादी सरकार में ही मिला था जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर उनका अपमान किया है।
रिटायर्ड कला शिक्षक इंटर कालेज, सुल्तानपुर और प्रांतीय अध्यक्ष उ0प्र0 कश्यप निषाद सभा खेमई प्रसाद निषाद ने अखिलेश से भेंट कर भाजपा राज में जनता की बढ़ती परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों की दुर्दशा है। जाड़ा आ गया है बच्चों को अभी तक स्वेटर, मोजे-जूते तक नहीं मिल पाए हैं।
यह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी गई कि बड़े पैमाने पर विभिन्न जनपदों में अवैध खनन कार्य चल रहा है। खनन माफियाओं पर भाजपा राज में खुली छूट है चूकि उन्हें भाजपा नेताओं का संरक्षण मिल रहा है।
छात्रनेता श्रीराम जायसवाल समाजवादी ने बताया कि कपिलवस्तु में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में भाजपाई अराजकता पैदा करने में लगे रहते हैं। यह विश्वविद्यालय समाजवादी सरकार में ही रिकार्ड समय में बनाया गया। कपिलवस्तु में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय नेपाल की सीमा पर स्थित है।
अखिलेश यादव से जश्ने वारिस पाक कमेटी सुल्तानपुर के हजरत मोबीन अहमद वारसी उर्फ लड्डन बाबा ने भी मुलाकात की और उन्हें सन् 2022 में जीत तथा मुख्यमंत्री बनने के लिए दुआ की। बाबा ने कहा कि उत्तर प्रदेश का परेशान आवाम अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा से परेशान है और अब सभी की नज़रें समाजवादी पार्टी पर हैं।

Translate »